सैलाना/उज्जैन। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान के तहत लोकायुक्त संगठन उज्जैन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सैलाना में एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आवेदक जितेंद्र पाटीदार (पिता ईश्वरलाल पाटीदार), निवासी ग्राम अडवानिया, तहसील सैलाना, जिला रतलाम ने दिनांक 10 अप्रैल 2026 को लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता के नाम पर सैलाना एवं बागरियों की खेड़ी में लगभग 5 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसके सीमांकन (नपती) के लिए आवेदन करने के बावजूद कार्य लंबित था।

जब आवेदक ने संबंधित पटवारी से संपर्क किया, तो पटवारी ने सीमांकन कराने के एवज में पहले फीस की बात कही और बाद में 30,000 रुपये रिश्वत की मांग की।
जांच और ट्रैप कार्रवाई:
लोकायुक्त द्वारा शिकायत की तस्दीक में रिश्वत मांग की पुष्टि होने पर आज 16 अप्रैल 2026 को ट्रैप कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपी पटवारी कैलाश वाडख्या (हल्का नंबर 26, सैलाना) को तहसील कार्यालय स्थित कक्ष में 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। बताया गया कि आरोपी पहले ही 3,000 रुपये ले चुका था और बाद में 7,000 रुपये कम कर कुल 20,000 रुपये में सौदा तय हुआ था।

कार्रवाई में शामिल टीम:
यह पूरी कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन आनन्द कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई। टीम में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, प्र. आर. हितेश ललावत, आरक्षक विशाल रेशमिया, उमेश एवं श्याम शर्मा शामिल रहे। समाचार जारी होने तक लोकायुक्त की कार्रवाई जारी थी।
Author: MP Headlines












