गौचर भूमि बचाने ग्रामीणों का हुंकार: अवैध अतिक्रमण हटाने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

गौचर, शासकीय एवं वन भूमि पर कब्जों के खिलाफ ग्रामीण एकजुट, सार्वजनिक रास्ते खोलने की उठाई मांग

सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना क्षेत्र के ग्राम गेणी, ग्राम पंचायत तालाबबोईडी के ग्रामीणों ने गुरुवार को तहसीलदार सैलाना श्री कुलभूषण शर्मा को ज्ञापन सौंपकर गौचर भूमि, शासकीय भूमि, वन भूमि एवं सार्वजनिक रास्तों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को तत्काल हटाने की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से राजस्व एवं वन विभाग के संयुक्त सर्वेक्षण के माध्यम से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम गेणी सहित जनपद पंचायत सैलाना क्षेत्र की कई पंचायतों में गौचर भूमि, शासकीय भूमि और सार्वजनिक मार्गों पर लगातार अतिक्रमण किए जा रहे हैं। इससे ग्रामीणों, पशुपालकों तथा आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर रास्ते अवरुद्ध होने से लोगों की दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि गौचर भूमि पशुधन के संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जबकि शासकीय एवं वन भूमि पर्यावरण संतुलन और भविष्य की पीढ़ियों के हितों से जुड़ी हुई है। ऐसे में इन भूमियों पर हो रहे अवैध कब्जों को हटाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

ग्रामीणों ने मांग की कि सभी संबंधित पंचायतों में राजस्व एवं वन विभाग द्वारा संयुक्त सर्वे कराया जाए तथा जहां भी अतिक्रमण पाए जाएं, वहां नियमानुसार कार्रवाई कर भूमि और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चंदू मईडा, सुनील गरवाल, सुनील निनामा, अजय निनामा, रमेश सिंघाड़ा, सुरेश, प्रकाश, दिनेश, रमेश, बाबू, संतुराम, बाबूलाल, लक्ष्मण, नानालाल, करमचंद, कालजी, बहादुर सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए कहा कि “जल, जंगल और जमीन हमारी पहचान हैं, इनका संरक्षण हमारा अधिकार है। गौचर भूमि बचाओ, सार्वजनिक रास्ते खुलवाओ और ग्रामीणों के अधिकार सुरक्षित बनाओ।”

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp