प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के मार्गदर्शन में हुई महत्वपूर्ण बैठक, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर विशेष जोर
नई दिल्ली/रतलाम/सैलाना। कांग्रेस संगठन को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को नई दिल्ली में पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के मार्गदर्शन में संगठन की वर्तमान स्थिति, भविष्य की रणनीति और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक मंथन किया गया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में रतलाम जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने जिले का प्रतिनिधित्व किया। बैठक में रतलाम जिले के संगठनात्मक अनुभवों, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने के लिए ठोस रणनीति पर कार्य कर रही है। कार्यकर्ताओं की भूमिका को और प्रभावी बनाने, आमजन के मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा जनता के बीच पार्टी की विचारधारा को पहुंचाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सबसे बड़ा आधार उसका समर्पित कार्यकर्ता है और पार्टी संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाकर आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करेगी। बैठक में संगठन विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, जनआंदोलनों को गति देने तथा आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने पर विशेष बल दिया गया।

हर्ष विजय गेहलोत ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में रतलाम जिला कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा तथा गांव-गांव और बूथ स्तर तक कांग्रेस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों और हितों की प्रभावी लड़ाई लड़ना है।
उन्होंने कहा कि “मजबूत संगठन ही मजबूत कांग्रेस की पहचान है और यही जनता के विश्वास की सबसे बड़ी ताकत है।” प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिए गए मार्गदर्शन के अनुरूप रतलाम जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज किया जाएगा तथा जनहित के प्रत्येक मुद्दे पर कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच खड़ी रहेगी।
Author: MP Headlines