17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’

नवीन जिला कार्यसमिति की कार्यशाला में मोदी सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

रतलाम, 7 सितम्बर 2026। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोक सेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर सातरुंडा स्थित एम.के. रिसॉर्ट में भाजपा की जिला कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला में नवीन जिला कार्यसमिति के सदस्यों सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को बूथ स्तर तक जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, जिला प्रभारी विवेक जोशी, जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय, इंदौर ग्रामीण प्रभारी शैलेंद्र डागा, उज्जैन जिला प्रभारी बजरंग पुरोहित, जिला महामंत्री महेश सोनी एवं जयवंत कोठारी मंचासीन रहे। अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने की।

भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ शुभारंभ

जिला कार्यशाला का शुभारंभ अतिथियों ने भारत माता तथा भाजपा के पितृपुरुष पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। जिला कार्यसमिति सदस्य गोपाल परमार ने गीत प्रस्तुत किया, जिसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गान हुआ।

भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने स्वागत भाषण देते हुए सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा चित्र’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का मिलन’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सरकार आपके द्वार’ तथा ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ प्रमुख हैं।

अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए गठित जिला टोलियों की घोषणा भी जिला अध्यक्ष द्वारा की गई। जिला टोली संयोजक महेश सोनी ने आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों एवं संगठनात्मक व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

सरकार के कार्यों को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान

जिला प्रभारी विवेक जोशी ने ओरछा में संपन्न प्रदेश कार्यसमिति में पारित प्रस्तावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में देश और प्रदेश में व्यापक बदलाव हुए हैं। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों पर भी प्रकाश डाला।

जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय ने कार्यशाला में उपस्थित कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सरकार के कामों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 25 वर्षों से लगातार राष्ट्र सेवा में जुटे हैं। विकसित भारत के उनके संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

9 सितम्बर को मंडल स्तर पर होंगी कार्यशालाएं

संभाग प्रभारी सुरेश आर्य ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति में लिए गए निर्णय के अनुसार सभी जिलों में जिला कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 9 सितम्बर 2026 को सभी मंडलों में मंडल कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही विपक्षी दलों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का तथ्यों के साथ मुकाबला करने की बात कही।

कार्यशाला का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। संचालन भाजपा जिला महामंत्री जयवंत कोठारी ने किया, जबकि आभार जिला मंत्री पद्मा जायसवाल ने व्यक्त किया।

MP Headlines
Author: MP Headlines