नगरीय निकायों के हर कार्य में जिले की स्थिति प्रदेश स्तर पर बेहतर रहे : कलेक्टर कटेसरिया

नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए अधिकारियों को निर्देश

रतलाम, 10 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगरीय निकायों से संबंधित प्रत्येक कार्य में जिले की स्थिति प्रदेश स्तर पर बेहतर रहे। उन्होंने कहा कि कार्यों के दौरान किसी प्रकार की विशेष समस्या सामने आने पर तत्काल अवगत कराएं, ताकि उसका समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बड़ावदा एवं धामनोद नगरीय निकायों में योजना की खराब स्थिति में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि योजना के अंतर्गत वितरण से संबंधित जो भी कार्य लंबित हैं, उनका तत्काल निराकरण करते हुए हितग्राहियों को लाभ पहुंचाया जाए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा अमृत योजना के अंतर्गत सीवरेज कार्य, फिल्टर प्लांट, पंप स्थापना, ओवरहेड वाटर टैंक, जलप्रदाय योजना, पार्क निर्माण तथा वाटर बॉडी रिजर्वेशन से संबंधित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई।

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने संकल्प से सिद्धि अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने जिले के सभी नगरीय निकायों को अभियान से संबंधित आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अनिल भाना, पीओ डूडा श्री अरुण पाठक सहित जिले के विभिन्न नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) उपस्थित रहे।

MP Headlines
Author: MP Headlines