नवीन मांगलिक भवन, नगर परिषद कार्यालय और दुकानों के निर्माण को मिली स्वीकृति; 52 नामांतरण प्रकरणों में 51 मंजूर
सैलाना। नगर परिषद सैलाना का साधारण सम्मेलन शुक्रवार को मोती बंगला स्थित मांगलिक भवन में नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। बैठक का संचालन मुख्य नगर पालिका अधिकारी नीतू सिंह ने किया। सम्मेलन में विकास कार्यों, निर्माण, राजस्व, नगरीय व्यवस्थाओं और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कुल 12 प्रस्तावों पर चर्चा हुई, जिन्हें सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया।
कई विकास कार्यों को मिली स्वीकृति
सम्मेलन में वार्ड क्रमांक 10 में कालिका माता मंदिर मार्ग स्थित फिल्टर प्लांट के पास नवीन मांगलिक भवन तथा गीता भवन की भूमि के चारों ओर बाउंड्रीवॉल निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई।
वार्ड क्रमांक 11 में पुराने नगर परिषद कार्यालय भवन को हटाकर नवीन नगर परिषद कार्यालय भवन तथा उसके सामने दुकानों के निर्माण को भी मंजूरी प्रदान की गई।
डॉ. अंबेडकर मार्ग पर क्षतिग्रस्त दुकानों को हटाकर नवीन दुकानों के निर्माण के लिए प्राप्त 11.89 प्रतिशत कम दर को स्वीकृति देते हुए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं बस स्टैंड क्षेत्र में पुरानी दुकानों से निर्माणाधीन सुलभ कॉम्प्लेक्स तक सीसी रोड निर्माण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली।
पार्क निर्माण की निविदा पुनः होगी
वार्ड क्रमांक 09 में पशु चिकित्सालय के समीप प्रस्तावित पार्क निर्माण की निविदा में दर अधिक प्राप्त होने के कारण उसे स्वीकृति नहीं दी गई। परिषद ने इस कार्य के लिए पुनः निविदा आमंत्रित करने का निर्णय लिया।
बस स्टैंड की दुकान क्रमांक एफ-7 की निविदा निरस्त कर नियमानुसार पुनः नीलामी प्रक्रिया अपनाने का फैसला किया गया।
52 नामांतरण प्रकरणों में 51 स्वीकृत
नामांतरण प्रभारी द्वारा प्रस्तुत कुल 52 प्रकरणों पर भी परिषद ने निर्णय लिया। इनमें से 51 प्रकरण सर्वसम्मति से स्वीकृत किए गए, जबकि एक प्रकरण में आपत्ति प्राप्त होने के कारण आपत्ति का निराकरण होने तक उसे लंबित रखने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा रामद्वारा मंदिर द्वारा निर्मित दुकानों के निर्माण संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ये रहे उपस्थित
सम्मेलन में उपाध्यक्ष सुनीता पाठक, पार्षद मीरा पाटीदार, सलोनी माण्डोत, कुलदीप कुमावत, जगदीश पाटीदार, मुकेश पाटीदार, राधा बाई पाटीदार, चंदा पारगी, पुष्पा राठौर, कृष्णा चंदेल, विशाल धबाई, हेमलता धबाई, मंगलेश कसेरा सहित एल्डरमेन सपना खराड़ी, रवि कुमार शर्मा, नाथूलाल राठौड़, वरदीचन्द पाटीदार तथा नगर परिषद की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines



