रतलाम में निवेश की संभावनाओं पर लंदन की वित्तीय सलाहकार मयूरी चोरडिया ने मंत्री काश्यप से की चर्चा

लंदन में 15 वर्षों से चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं वित्तीय सलाहकार के रूप में कार्यरत मयूरी चोरडिया ने रतलाम में संभावित निवेश और औद्योगिक अवसरों को लेकर की महत्वपूर्ण चर्चा

रतलाम, 10 सितंबर। लंदन में पिछले 15 वर्षों से चार्टर्ड अकाउंटेंट, एडवाइजर एवं कंसल्टेंट के रूप में कार्यरत तथा सनराइज फाइनेंस, लंदन की एमडी मयूरी चोरडिया ने रतलाम प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप से मुलाकात की। इस दौरान रतलाम में विकसित किए जा रहे निवेश क्षेत्र में संभावित निवेश एवं औद्योगिक अवसरों को लेकर चर्चा हुई।

रतलाम से जुड़ी मयूरी चोरडिया ने मध्यप्रदेश में निवेशकों एवं उद्योगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, विभिन्न योजनाओं, प्रोत्साहनों तथा निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी मंत्री श्री काश्यप से प्राप्त की।

वित्तीय परामर्श एवं कंसल्टेंसी के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय अनुभव रखने वाली मयूरी चोरडिया लंबे समय से इस क्षेत्र में कार्यरत हैं। उन्होंने राजस्थान में निवेश किया है और अब मध्यप्रदेश में भी निवेश की संभावनाओं को लेकर रुचि व्यक्त की है।

मंत्री चेतन्य काश्यप ने उन्हें मध्यप्रदेश में उद्योग एवं निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों तथा निवेशकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने और नए निवेश के माध्यम से रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मयूरी चोरडिया की मंत्री काश्यप से हुई मुलाकात को रतलाम में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के निवेशकों की रुचि बढ़ने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वित्तीय क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव और मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर रुचि से रतलाम में भविष्य में नए औद्योगिक एवं व्यावसायिक अवसरों की संभावनाओं को बल मिलने की उम्मीद है।

MP Headlines
Author: MP Headlines