नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में हुआ जलमग्न अभिषेक, बोहरा समाज से अलम निकालने का भी किया आग्रह
सैलाना। क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम बारिश के चलते अच्छी वर्षा और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर सैलाना में विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को नगर के अति प्राचीन श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में नगरवासियों की ओर से विशेष जलमग्न अभिषेक किया गया।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और अपने-अपने घरों से जल लाकर भगवान नीलकंठेश्वर महादेव का जलमग्न अभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा, अच्छी फसल, खुशहाली और सर्वजन के मंगल की प्रार्थना की।
12 सितंबर को सामूहिक रूप से मनेगी उज्जैनी
क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना को लेकर शनिवार, 12 सितंबर को सैलाना नगर में सामूहिक रूप से उज्जैनी मनाई जाएगी। आयोजन के माध्यम से पर्याप्त वर्षा, अच्छी फसल और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।
सनातन धर्म महासभा, सैलाना ने नगर के व्यापारियों से आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है। महासभा ने व्यापारियों से 12 सितंबर को अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर सामूहिक उज्जैनी में सहभागिता करने का अनुरोध किया है।

बारिश की प्रार्थना के लिए बोहरा समाज से अलम निकालने का आग्रह
बारिश की कमी को देखते हुए विगत दिवस नगर परिषद के नेता प्रतिपक्ष मुकेश पटेल, पार्षद विशाल धभाई, पार्षद कुलदीप कुमावत एवं कसेरा समाज अध्यक्ष राजेंद्र कसेरा सहित अन्य लोगों ने बोहरा समाज के आमिल साहब हुसैन भाई से मुलाकात की।
इस दौरान क्षेत्र में अच्छी बारिश के लिए अलम (जुलूस) निकालकर बारिश की प्रार्थना करने का निवेदन किया गया। आमिल साहब हुसैन भाई ने प्रतिनिधिमंडल की भावनाओं का सम्मान करते हुए बारिश की प्रार्थना के लिए शीघ्र ही अलम निकालने का निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
सैलाना में अलग-अलग धार्मिक एवं सामाजिक प्रयासों के माध्यम से अच्छी बारिश की कामना की जा रही है। इन आयोजनों में नगरवासियों की सामूहिक सहभागिता देखने को मिल रही है।
Author: MP Headlines



