ऑनलाइन गेमिंग ऐप के नाम पर साइबर ठगी से रहें सावधान

बोनस और भारी मुनाफे का लालच देकर ठग रहे साइबर अपराधी, संदिग्ध लेन-देन से बैंक खाता फ्रीज होने का भी खतरा

रतलाम। ऑनलाइन गेमिंग ऐप, बेटिंग प्लेटफॉर्म और कम समय में अधिक पैसा कमाने का लालच देकर होने वाली साइबर ठगी को लेकर रतलाम पुलिस की साइबर सेल ने आमजन को सतर्क किया है। पुलिस ने अपील की है कि बिना सत्यापन किसी भी अनजान गेमिंग ऐप या प्लेटफॉर्म पर अपनी मेहनत की कमाई ट्रांसफर न करें।

पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश पन्द्रो के मार्गदर्शन में साइबर सेल द्वारा समय-समय पर साइबर अपराधों से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की जा रही है।

छोटे मुनाफे से शुरू होता है ठगी का खेल

पुलिस के अनुसार साइबर अपराधी सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, टेलीग्राम, एसएमएस सहित अन्य माध्यमों से आकर्षक ऑनलाइन गेमिंग ऐप और बेटिंग प्लेटफॉर्म का प्रचार करते हैं। लोगों को गेम खेलने पर बोनस और भारी मुनाफे का लालच दिया जाता है।

ठग पहले फर्जी वेबसाइट या ऐप पर रजिस्ट्रेशन करवाकर वॉलेट में छोटी राशि जमा करवाते हैं। शुरुआत में छोटा लाभ दिखाकर विश्वास जीतने के बाद बड़ी रकम निवेश करवाई जाती है। इसके बाद राशि निकालने के नाम पर टैक्स, सिक्योरिटी फीस, प्रोसेसिंग फीस या KYC चार्ज के नाम पर अतिरिक्त रकम मांगी जा सकती है।

पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि साइबर अपराधी फर्जी लिंक अथवा APK के माध्यम से मोबाइल में संदिग्ध ऐप इंस्टॉल करवाने का प्रयास कर सकते हैं।

संदिग्ध लेन-देन से बैंक खाते पर लग सकता है प्रतिबंध

पुलिस के मुताबिक गेमिंग ऐप से जुड़े किसी लेन-देन की राशि यदि साइबर अपराध से जुड़े संदिग्ध खाते या ट्रांजेक्शन से लिंक पाई जाती है, तो संबंधित बैंक खाते पर होल्ड, फ्रीज या अन्य बैंकिंग प्रतिबंध लग सकता है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी ऐप पर दिखाई देने वाला कथित प्रॉफिट उसकी वैधता या वास्तविक कमाई का प्रमाण नहीं है। इसलिए किसी भी ऑनलाइन गेमिंग ऐप में पैसा लगाने या वहां से अपने बैंक खाते में राशि प्राप्त करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और वैधता की जांच करना जरूरी है।

साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

यदि ऑनलाइन गेमिंग या किसी अन्य माध्यम से साइबर ठगी हो जाती है तो पीड़ित को बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। इसके साथ ही National Cyber Crime Reporting Portal (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह पुलिस ने दी है।

रतलाम साइबर सेल की अपील

साइबर सेल ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन गेमिंग, मनोरंजन या वैध गतिविधि के नाम पर किसी अनजान प्लेटफॉर्म पर आंख मूंदकर पैसा ट्रांसफर न करें। लालच, जल्दबाजी और बिना सत्यापन किया गया डिजिटल लेन-देन आर्थिक परेशानी के साथ बैंकिंग एवं कानूनी समस्याओं का कारण भी बन सकता है।

सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

MP Headlines
Author: MP Headlines