मौसमी बीमारियों के बीच महीनों से नहीं हुआ मच्छर मार दवा का छिड़काव, शाम होते ही दरवाजे बंद करने को मजबूर नागरिक
सैलाना। सैलाना क्षेत्र में एक ओर अल्प वर्षा के कारण आमजन परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर सैलाना नगर में मौसमी बीमारियों के बीच मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। नगर के कई इलाकों में स्थिति ऐसी हो गई है कि सुबह-शाम घर हो या दुकान मच्छरों के झुंड आम नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि विगत कई महीनों से नगर परिषद द्वारा मच्छर मार दवाई का छिड़काव नहीं किया गया है, जिसके चलते मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है।
शाम होते ही घरों के बाहर और आसपास मच्छरों का आतंक इतना बढ़ जाता है कि नागरिकों को बचाव के लिए दरवाजे तक बंद करने पड़ते हैं। बड़े-बड़े मच्छरों के डंक से आमजन में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। मौसमी बीमारियों के दौर में नगर परिषद की यह उदासीनता नागरिकों की चिंता और बढ़ा रही है।
नागरिकों का कहना है कि मच्छर मार दवाई का छिड़काव कोई ऐसी सुविधा नहीं है जिसके लिए हर बार आम नागरिक आवेदन लेकर परिषद के चक्कर लगाए। नगर परिषद का दायित्व है कि जब भी मच्छरों का प्रकोप बढ़े और मौसमी बीमारियों का खतरा मंडराए, तब वह स्वतः संज्ञान लेकर नगर में दवा का छिड़काव करवाए और नागरिकों को राहत प्रदान करे। लेकिन सैलाना में स्थिति कुछ अलग ही नजर आ रही है।
नागरिकों का कहना है कि, परिषद और मुख्य कार्यपालन अधिकारी को शायद तब तक अपनी जिम्मेदारी याद नहीं आती, जब तक आम नागरिक आवेदन लेकर उनके दरवाजे तक न पहुंच जाए। पदाधिकारी और अधिकारी यदि बड़े और हाई-प्रोफाइल कार्यों पर ही ज्यादा ध्यान देंगे तो रोजमर्रा की छोटी लेकिन बेहद जरूरी जनसमस्याओं का समाधान कौन करेगा?
मच्छरों का बढ़ता प्रकोप अब महज परेशानी नहीं बल्कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बनता जा रहा है। नागरिकों ने नगर परिषद से मांग की है कि बिना किसी आवेदन की प्रतीक्षा किए तत्काल पूरे नगर में मच्छर मार दवाई का छिड़काव कराया जाए और नियमित रूप से फॉगिंग एवं अन्य आवश्यक उपाय किए जाएं, ताकि मौसमी बीमारियों के बीच नागरिकों को राहत मिल सके।
Author: MP Headlines



