नागदा। तेजादशमी के अवसर पर ग्राम बेरछा स्थित नाग महाराज मंदिर में पंडाजी मांगीलाल शर्मा ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं आरती की। इस दौरान आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे।

पूजन-अर्चन के बाद पंडाजी मांगीलाल शर्मा ने आगामी समय को लेकर अपनी भविष्यवाणी बताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वर्तमान में बारिश की कमी है, लेकिन आगामी श्राद्ध पक्ष और नवरात्रि के दौरान बारिश होने की संभावना है। उनके अनुसार इस बारिश से वर्तमान कमी की कुछ हद तक पूर्ति होगी और रबी सीजन की गेहूं की फसल को लाभ मिल सकता है।
पंडाजी ने यह भी कहा कि आने वाले समय में लहसुन और प्याज के किसानों को अच्छे भाव मिलने की उम्मीद है। साथ ही उन्होंने सोने-चांदी के भाव में तेजी आने की बात कही।
उन्होंने आगामी दीपावली पर्व के समय नक्षत्र योग को लेकर भी कुछ बातें कहीं और इसके विपरीत प्रभाव की आशंका जताई। इसके अलावा उन्होंने भारत में भूकंप आने की बात भी कही।

पंडाजी मांगीलाल शर्मा ने कुंवार माह में महिलाओं के बीच कोरोना काल जैसी बीमारी फैलने का दावा करते हुए लोगों से महाकाल की शरण लेने तथा भगवान महाकाल का पूजन-अर्चन करने का आह्वान किया।
Author: MP Headlines



