बुधवार को गेहलोत के हाथों महाआरती, छप्पन भोग और महाप्रसादी का आयोजन — श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ
सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर में चल रहे बारह दिवसीय श्री गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना हुआ है। नगर के विभिन्न गणेश पंडालों में प्रतिदिन धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। महाआरती, छप्पन भोग एवं महाप्रसादी के आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्री गणेश के दर्शन कर धर्मलाभ ले रहे हैं।

इसी क्रम में बुधवार को रतलाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं सैलाना के पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत ने नगर के तीन प्रमुख गणेश उत्सव स्थलों पर पहुंचकर महाआरती में सहभागिता की। आठवे वर्ष स्थापित श्री सत्यनारायण मंदिर परिसर स्थित देवा लंबोदर गणेश उत्सव समिति के ‘मार्केट के राजा’ श्री गणेश पंडाल में गेहलोत के हाथों भगवान श्री गणेश को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात विधिवत पूजा अर्चना महाआरती की गई। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
दिलीप मार्ग पर भी गूंजे गणपति के जयकारे
दिलीप मार्ग स्थित श्रीराम चौक पर जय बजरंग व्यायामशाला द्वारा विराजित श्री गणेशजी की भी महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन हुआ। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की तथा प्रसादी ग्रहण की। यहां प्रतिदिन महा आरती के बाद अनेको कार्यक्रम किए जा रहे हैं जिसमें हर व्यक्ति बढ़चर का हिस्सा ले रहे हैं।

कुमावत मोहल्ले में भक्ति का माहौल
इसी प्रकार कुमावत मोहल्ला स्थित श्री गणेश पंडाल में भी महाआरती का आयोजन किया गया। यहां भी बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक एवं श्रद्धालु शामिल हुए। गणपति बप्पा के जयकारों और भक्ति गीतों से पंडाल परिसर भक्तिमय नजर आया।
नगर के इन स्थानों पर आयोजित महाआरती, छप्पन भोग एवं महाप्रसादी में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान श्रीगणेश भक्तों की भीड़ बनी रही और श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।
बारह दिवसीय गणेश उत्सव के चलते नगर के विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक उल्लास का वातावरण है। गणेश पंडालों में प्रतिदिन होने वाले धार्मिक आयोजनों के कारण शाम होते ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है और पूरा नगर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंज उठता है। उत्सवी माहौल को देखते हुए पुलिस प्रशासन की मांकुल व्यवस्थाएं जारी है।
Author: MP Headlines



