सैलाना। भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान एवं कृतज्ञता के भाव को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सांदीपनि शासकीय मॉडल स्कूल, सैलाना में गुरुपूर्णिमा उत्सव पखवाड़े का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य गिरीश सारस्वत द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य श्री सारस्वत ने कहा कि गुरु का मार्गदर्शन जीवन को सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि हमारे शास्त्रों में माता को बालक की प्रथम गुरु कहा गया है, क्योंकि वही उसके भीतर संस्कारों का प्रथम बीजारोपण करती है। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी का कर्तव्य है कि वह अपनी माता का सम्मान करे तथा जीवन में ज्ञान का प्रकाश देने वाले सभी गुरुजनों के प्रति सदैव श्रद्धा एवं कृतज्ञता का भाव बनाए रखे।

गुरुपूर्णिमा उत्सव पखवाड़े के अंतर्गत विद्यालय में निबंध लेखन, भाषण, श्लोक-पाठ, भजन, कविता-पाठ तथा प्रदर्शनी सहित विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। प्रथम दिवस की प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने गुरुजनों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया तथा सुमधुर गुरु-वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर कार्यक्रम की नोडल शिक्षिका श्वेता नागर ने भारतीय संस्कृति की समृद्ध गुरु-शिष्य परंपरा पर प्रेरक उद्बोधन देते हुए गुरु के महत्व से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
गुरुपूर्णिमा उत्सव के अंतर्गत दितीय दिवस भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल, भीलों की खेड़ी (सैलाना) के विद्यार्थियों ने भी सांदीपनि शासकीय मॉडल विद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। 120 विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के मार्गदर्शक शिक्ष अर्चना सारस्वत, उर्मिला पंवार, दीपक शर्मा क भी उपस्थित रहे। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विद्यालय में संचालित नवाचारी एवं रचनात्मक गतिविधियों का अवलोकन किया। प्रार्थना सभा, कक्षाओं के संचालन, प्रयोगशालाओं तथा खेलकूद गतिविधियों को देखकर भ्रमण पर आए विद्यार्थी अत्यंत उत्साहित दिखाई दिए।
भ्रमण दल को विद्यालय की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी वरिष्ठ शिक्षक वैभव दुबे, ऋषिकांत देवड़ा, अशोक सिंह गौर, कमलेश पाटीदार, रवि जोनवेल, योगेश परमार एवं सुरेश बानिया द्वारा प्रदान की गई। विद्यार्थियों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन एवं नवाचारों की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी अनुभव बताया।
Author: MP Headlines













