मंदसौर। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान अपराध और दुर्घटनाओं से जुड़े कई मामले सामने आए हैं। रामटेकरी में युवक पर तलवार से हमला, सुवासरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत, सीतामऊ में पिता द्वारा नाबालिग बेटी से मारपीट तथा कोतवाली और भानपुरा क्षेत्र में अवैध शराब जब्ती के मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मारपीट, धमकी और सड़क दुर्घटनाओं के प्रकरण भी सामने आए हैं।
रामटेकरी में युवक पर तलवार से हमला
कोतवाली थाना क्षेत्र के रामटेकरी रेवास देवड़ा रोड पर संदीप पिता बाबूलाल सुरा (35) के घर के बाहर घनश्याम, लक्ष्य, कैलाश और मोहनलाल सुरा पर एकमत होकर मारपीट करने तथा तलवार से हमला करने का आरोप है। फरियादी के अनुसार आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।
इसी थाना क्षेत्र के मदारपुरा वार्ड क्रमांक 34 में फरिदा शाह (45) के साथ सलमा और बेनु शाह द्वारा मारपीट एवं धमकी देने का मामला भी दर्ज हुआ है।
वहीं बाफना मार्केट में पुलिस ने देव शर्मा (23), निवासी 500 क्वार्टर टीगरिया अभिनंदन, के कब्जे से देशी प्लेन शराब के 20 क्वार्टर जब्त किए। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
सुवासरा में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत
सुवासरा थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
एक अन्य घटना में देवरिया विजय निवासी लक्ष्मणलाल प्रजापति (35) की मोटरसाइकिल को अज्ञात कार चालक ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया।
ग्राम गुराड़िया विजय में राधाबाई गुर्जर (32) के साथ रास्ता रोककर गाली-गलौज करने और धमकी देने का मामला भी दर्ज किया गया है। इसमें बदरीसिंह, कमलसिंह और श्रवण सिंह गुर्जर के नाम सामने आए हैं।
सीतामऊ में पिता पर नाबालिग बेटी से मारपीट का आरोप
सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम महुवा में 15 वर्षीय अर्चना बलाई ने अपने पिता किशोर पिता प्रभुलाल बलाई के विरुद्ध मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है।
एक अन्य मामले में ग्राम सालरिया में 82 वर्षीय पर्वत सिंह सौंधिया राजपूत के साथ ओम सिंह, खुमान सिंह और विजय सिंह पर गाली-गलौज एवं मारपीट करने का आरोप है।
नारायणगढ़ में टेम्पो की टक्कर से भैंस की मौत
नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में पिपलियामंडी रोड स्थित चौधरी ढाबे के पास अज्ञात सफेद टेम्पो की टक्कर से राहुल ग्वाला (26) की एक भैंस की मौत हो गई। पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
ग्राम छोटा हिंगोरिया में सोना कुंवर राजपूत (26) के बाड़े पर पहुंचकर नाहरसिंह, जयपाल, हरिसिंह और गणपतसिंह पर मारपीट एवं धमकी देने का आरोप है।
भानपुरा में बच्चे को बाइक ने मारी टक्कर, अवैध शराब जब्त
भैसोदामंडी में आर. जितेन्द्र कोठे के बेटे जिज्ञांस को अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया।
ग्राम बीड़गांव में प्रेमलता सेन के साथ बाबूलाल, विकास और जीतू सेन द्वारा मारपीट किए जाने का मामला दर्ज हुआ है।
वहीं ग्राम गोवर्धनपुरा में पुलिस ने दिनेश बंजारा को 5 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब के साथ पकड़ा। उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
नाहरगढ़ में किसान के साथ मारपीट
नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलिया जोधा में किसान कैलाश चंद डांगी (50) के बाड़े के पास घनश्याम और कारूलाल डांगी पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।





