Skip to main content

MP Headlines

बिलपांक टोल पर अब नहीं रहेगी VIP लेन, 8 की जगह होंगे 9 गेट; 10 दिन में लागू होगी नई व्यवस्था

कैश और फास्टैग वाहनों के लिए होंगी अलग-अलग लेन, टोल पर जाम से मिलेगी राहत

रतलाम। रतलाम-बदनावर मार्ग स्थित बिलपांक टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से वाहन चालकों को जल्द राहत मिलने वाली है। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने टोल प्लाजा का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था में बदलाव के निर्देश दिए हैं। नई व्यवस्था के तहत वर्तमान में संचालित 8 गेटों की संख्या बढ़ाकर 9 की जाएगी। साथ ही वीआईपी लेन समाप्त कर उसे सामान्य यातायात व्यवस्था में शामिल किया जाएगा।

 

कैश और फास्टैग के लिए होंगी अलग-अलग लेन

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कैश और फास्टैग वाहनों के लिए अलग-अलग लेन नहीं होने से टोल पर वाहनों की कतार लगती है। कैश भुगतान करने वाले वाहनों के कारण फास्टैग उपयोगकर्ताओं को भी इंतजार करना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए कलेक्टर ने दोनों प्रकार के वाहनों के लिए अलग-अलग लेन निर्धारित करने के निर्देश दिए।

रतलाम से बदनावर की ओर 5 गेट

नई व्यवस्था के तहत रतलाम से बदनावर जाने वाले मार्ग पर कुल 5 गेट संचालित होंगे। इनमें 3 गेट पूरी तरह फास्टैग वाहनों के लिए और 2 गेट कैश एवं हाइब्रिड लेन के रूप में रहेंगे। हाइब्रिड लेन से कैश और फास्टैग दोनों प्रकार के वाहन निकल सकेंगे।

 

बदनावर से रतलाम की ओर 4 गेट

इसी प्रकार बदनावर से रतलाम आने वाले मार्ग पर कुल 4 गेट रहेंगे। इनमें 2 फास्टैग लेन और 2 कैश एवं हाइब्रिड लेन होंगी। इस तरह दोनों दिशाओं में कुल 9 गेट संचालित किए जाएंगे।

 

वीआईपी लेन होगी समाप्त

कलेक्टर ने टोल प्लाजा के बीच में बनाई गई वीआईपी लेन को समाप्त कर उसे रतलाम से बदनावर जाने वाले मार्ग की सामान्य व्यवस्था में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीआईपी लेन की बजाय आम वाहन चालकों की सुविधा और यातायात का सुचारू संचालन प्राथमिकता में होना चाहिए।

 

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आगामी 10 दिनों के भीतर नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। इससे उम्मीद है कि बिलपांक टोल पर लगने वाले जाम में कमी आएगी और वाहन चालकों को अनावश्यक इंतजार से राहत मिलेगी।

 

 

 

MP Headlines
Author: MP Headlines