शराब ठेका चलाने 5 लाख महीने बंदी मांगी
ठेकेदार से डीईओ ने रकम देने को कहा था
सिवनी। जबलपुर की लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार शाम सिवनी जिले के सहायक आबकारी अधिकारी (एडीईओ) पवन कुमार झारिया को साढ़े 3 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। लोकायुक्त डीएसपी दिलीप झरबड़े ने बताया कि झारिया ने विभाग के सहायक आयुक्त (डीईओ) शैलेश कुमार जैन के कहने पर रिश्वत ली थी।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार शैलेश कुमार ठेकेदार से पांच लाख रुपए बतौर महीने की बंदी मांग रहे थे। साढ़े तीन लाख की रकम उन्होंने सिवनी के एडीओ पवन झारिया को देने को कहा था। इसी की शिकायत ठेकेदार राकेश कुमार साहू ने कर दी। जिसके बाद ये कार्रवाई की गई।
ठेका चलाने के लिए मांगी रिश्वत
लोकायुक्त टीम के एएसआई दिलीप झरवडे़ ने बताया कि राकेश कुमार साहू (57 साल) निवासी खैरा पलारी तिगड्डा जिला सिवनी ने शिकायत दर्ज कराई। साहू ने बताया कि वह सिवनी में तीन सिंडिकेट ग्रुप के नौ शराब दुकानों का ठेका संचालित करता है। उसने आरोप लगाया कि सहायक आयुक्त आबकारी शैलेश कुमार जैन ने उनसे ठेका सुचारू रूप से चलाने के लिए 5 लाख रुपये मासिक रिश्वत की मांग की थी।
रकम हाथ में लेते ही लोकायुक्त ने पकड़ा
मंगलवार शाम को पवन झारिया को ट्रैप करने की कार्रवाई की गई। झारिया ने जैसे ही रिश्वत की रकम ली, उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार पवन कुमार झारिया बतौर सहायक आबकारी अधिकारी साढ़े 3 साल और सहायक आबकारी आयुक्त शैलेश कुमार जैन ढाई साल से पदस्थ हैं। सिवनी जिले के आठ विकासखंडों में कुल 58 शराब दुकानें हैं। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Author: MP Headlines



