रतलाम। वनमंडल रतलाम के वनपरिक्षेत्र रतलाम में नीलगाय की मृत्यु के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

वनमंडलाधिकारी डॉ. अनुभा त्रिवेदी को 20 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1:50 बजे वन्यजीव नीलगाय की मृत्यु की सूचना मिली थी। सूचना के बाद प्रभारी वनपरिक्षेत्राधिकारी रतलाम को निर्देशित कर तत्काल वन अमले का दल गठित किया गया।
दल ने वनमंडल रतलाम के वनपरिक्षेत्र रतलाम अंतर्गत कक्ष क्रमांक पी-2, बीट एवरिया के समीप राजस्व क्षेत्र में घटना स्थल का निरीक्षण किया। एनटीसीए नई दिल्ली तथा मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक मध्यप्रदेश, भोपाल के दिशा-निर्देशों और एसओपी के अनुसार कार्रवाई की गई।
डॉग स्क्वाड की मदद से जुटाए साक्ष्य
वन विभाग की टीम ने घटना स्थल के करीब 50 मीटर क्षेत्र की घेराबंदी कर डॉग स्क्वाड की सहायता से साक्ष्य जुटाए। प्रथम घटना स्थल से नीलगाय के बाल मिले। इसके अलावा रामचंद्र पिता अंबाराम डोडियार के खेत में मिट्टी से चिपके और आसपास पड़े नीलगाय के बाल, उखड़ी हुई खुटिया तथा विद्युत तार सहित शिकार में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई।
वन्यजीव चिकित्सक डॉ. देवेंद्र अलावा, पशु चिकित्सालय शिवपुर द्वारा नीलगाय का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान नीलगाय के शरीर के पिछले अंग कुत्तों द्वारा खाए जाने के कारण क्षत-विक्षत पाए गए।
निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नीलगाय के शव के भस्मीकरण की कार्रवाई वनमंडलाधिकारी रतलाम, नायब तहसीलदार रतलाम, उपसरपंच, पंच तथा वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की मौजूदगी में की गई।
दो आरोपी गिरफ्तार
वन विभाग ने मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज करते हुए विजय पिता बंसतीलाल निनामा (29), निवासी खाकरापाड़ा, तहसील रतलाम तथा कैलाश पिता धुलजी भवर (44), निवासी ग्राम सेवरिया, तहसील रतलाम को गिरफ्तार किया है।
वन विभाग के अनुसार मामले में आगे की विवेचना जारी है।
Author: MP Headlines


