रतलाम। बौद्धिक दिव्यांगजनों के कल्याणार्थ कार्यरत लखदातार फाउंडेशन की संस्था सारथी सेंटर फॉर एम्पावर्मेंट ऑफ़ स्पेशल एबल पीपल विशेष विद्यालय में दिव्यांग बेटे बेटियों ने हर्षोल्लास से रक्षाबंधन पर्व मनाया।
सारथी की संचालिका एवं सक्षम जिला रतलाम धीमहि प्रकोष्ट प्रमुख स्वाती सोलंकी ने बताया की संस्था द्वारा बौद्धिक दिव्यांगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। दिव्यांगजनों की प्रतिभा जन – जन तक पहुंचे और उन्हें दया नहीं अवसर मिले इसी उद्देश्य से उन्हें व्यवसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत कलात्मक वस्तुओं को तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। व्यवसायिक प्रशिक्षण के दौरान संस्था के बौद्धिक दिव्यांग बच्चों द्वारा रक्षाबंधन पर्व पर दिव्य रक्षासूत्र (राखियाँ) तैयार कर संस्था द्वारा उसका विक्रय भी किया गया। दिव्य रक्षासूत्रों के विक्रय से प्राप्त आय से संस्था में रक्षाबंधन पर्व का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर श्री प्रहलाद पटेल जी विशेष अतिथि सक्षम सविता प्रकोष्ठ मालवा प्रांत प्रमुख श्री अशोक जैन चोटाला द्वारा माँ शारदा के चित्र पर माल्यार्पण कर द्वीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम में सारथी के दिव्यांग बच्चों ने इतनी शक्ति हमें देना दाता प्रार्थना प्रस्तुत की। बौद्धिक दिव्यांग बच्चों की प्रसन्नता को देखकर महापौर प्रहलाद पटेल ने सभी बच्चों को मोतियों की माला पहनाकर स्वागत किया।
संस्था संचालिका स्वाती सोलंकी ने पुष्प गुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत कर उन्हें संस्था सारथी की गतिविधियों से अवगत कराया। आपने बताया की इस वर्ष संस्था के बौद्धिक दिव्यांगजनों द्वारा तैयार “दिव्य रक्षासूत्र” को महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री, तीनों सेनाओं के प्रमुखों, मध्यप्रदेश के महामहिम राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं सूक्ष्म एवं लघु उद्योग मंत्री आदि को भेज कर रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं प्रेषित की गई।
महापौर जी ने अपने उद्बोधन में संस्था द्वारा दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और पुनर्वास हेतु किये जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए दिव्यांग बच्चों के स्वास्थ्य लाभ की कामना कर उन्हें आशीर्वाद दिया। अशोक जैन चौटाला ने कहा कि सक्षम राष्ट्रीय स्तर पर दिव्यांगो के कल्याण सशक्तिकरण व स्वावलंबी बनाने के लिए कार्य कर रहा है।
संस्था की दिव्यांग बच्चो ने महापौर प्रहलाद पटेल एवं सविता प्रकोष्ठ के अशोक जैन चोटाला की कलाई पर अपने हाथो से तैयार ” दिव्य रक्षासूत्र ” बांधकर मिठाई खिलाई। इस अवसर पर संस्था की कोषाध्यक्ष निर्मला मनीष राठौर, समाजसेवी अशोक शांतिलाल सोलंकी, राजकुमारी राठौर, स्नेह के उपनिदेशक महेशचन्द्र राठौर, शिक्षिका संध्या भारती, भावना राठौर, सरिता नागर सहित अभिभावकगण उपस्थित थे।

Author: MP Headlines



