सैलाना। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड सैलाना के नेतृत्व में वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक भव्य सामूहिक गान कार्यक्रम का आयोजन शासकीय महाविद्यालय सैलाना में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संभाग समन्वयक श्री शिव प्रसाद मालवीय (संभाग उज्जैन) द्वारा मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में श्री मालवीय ने कहा कि “वंदे मातरम” केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत माता की आराधना और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। यह गीत हमें एकता, समर्पण और देश के प्रति प्रेम का संदेश देता है। उन्होंने युवाओं से समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कैलाशी बाई चारेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि “वंदे मातरम” गान हम सभी के हृदय में देशभक्ति का जोश जगाता है। मातृभूमि के प्रति समर्पण ही सच्चा राष्ट्र धर्म है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत बनाते हैं।

जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गी ने अपने संबोधन में कहा कि जन अभियान परिषद का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है। “वंदे मातरम” जैसे कार्यक्रम हमें अपनी संस्कृति और राष्ट्रीय पहचान से जोड़ते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों और परिषद कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर विकास की दिशा में कार्य करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता विक्रम शर्मा द्वारा प्रभावशाली रूप से किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित और प्रेरणादायक रूप में आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर रामचंद्र चारेल, दिनेश गहलोत, सुखलाल निनामा, राजू निनामा, नितिन सहित जन अभियान परिषद से जुड़े समस्त सी.एम.सी. एल.डी.पी. के छात्र एवं छात्राये उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में “वंदे मातरम” का सामूहिक गान किया, जिससे पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति का वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन विकासखंड समन्वयक मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद रतनलाल चरपोटा द्वारा किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया।
Author: MP Headlines

















