सैलाना। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सैलाना नगर श्रद्धा और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। नगर के शिव भक्तों एवं रतलाम की भक्तन की बावड़ी से प्रारंभ होकर केदारेश्वर महादेव तीर्थ तक पहुंचने वाली विशाल छड़ी पैदल यात्रा ने अपने 34 वे वर्ष भी आईं जिसका नगर में भव्य स्वागत किया गया।

यात्रियों के स्वागत-सत्कार के लिए श्री चिंताहरण गणेश मंदिर समिति द्वारा गणेश मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्था की गई। समिति ने लगभग तीन क्विंटल साबूदाना खिचड़ी का स्वल्पाहार तैयार कर शिव भक्तों को प्रसादी स्वरूप वितरित किया। देर रात तक मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन हुआ, जहां भक्त भजनों की मधुर धुन पर नाचते-गाते नजर आए और प्रसादी का लाभ लेते रहे।

छड़ी यात्रा के यात्रियों के आगमन का सिलसिला रात करीब चार-पांच बजे तक लगातार जारी रहा। श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही थी। आज प्रातः लगभग पांच बजे यात्रा केदारेश्वर महादेव तीर्थ पहुंची, जहां बाबा के दर्शन-वंदन, पूजा-अभिषेक के साथ यात्रा का विधिवत समापन हुआ।
गणेश मंदिर समिति ने इस सफल एवं भक्तिमय आयोजन में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
महाशिवरात्रि के अवसर पर सैलाना में उमड़ी यह आस्था और सेवा की भावना नगर की धार्मिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का अनुपम उदाहरण बनी।
Author: MP Headlines


















