सैलाना। शनिवार को जनपद शिक्षा केंद्र सैलाना में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष उपकरण वितरण शिविर का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तरुण जैन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक नरेंद्र पासी ने स्वागत भाषण देते हुए शिविर के उद्देश्य एवं इसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ऐसे शिविर दिव्यांग विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
मुख्य अतिथि तरुण जैन ने विद्यार्थियों का पुष्पाहार से स्वागत कर उन्हें उनकी विशेष आवश्यकता अनुसार उपकरण एवं टीएलएम किट वितरित कीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक दिव्यांग विद्यार्थी को शिक्षा के समान अवसर मिलें और वे किसी भी प्रकार की बाधा के कारण पीछे न रहें।

शिविर में 56 दिव्यांग विद्यार्थियों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इस अवसर पर एपीसी आईडी प्रभारी मदन धमानिया एवं एमआरसी प्रकाश सोलंकी की उपस्थिति में Artificial Limbs Manufacturing Corporation of India (एलिम्को) उज्जैन से आए चिकित्सक डॉ. दिलीप वर्मा, डॉ. त्रितिक गुप्ता, डॉ. विकास शुक्ला एवं डॉ. महावीर ने विद्यार्थियों को उपकरणों के उपयोग एवं प्रशिक्षण संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में जनपद शिक्षा केंद्र सैलाना के अतुल विलियम, स्मिता शुक्ला, विनोद पांचाल, सरिता मोहनिया, जन शिक्षक राजेश अवस्थी, रमेश परिहार, सुनीता नरवरिया, उपासना जैन, माला वर्मा, काशीराम अमजेरीया, परमेश्वर पडियार, ज्ञानचंद मेहता, प्रेम सिंह दंडोतिया, सत्यनारायण टेलर सहित संपूर्ण कार्यालयीन स्टाफ, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन विकासखंड साक्षरता समन्वयक डॉ. रवीन्द्र उपाध्याय द्वारा किया गया। यह शिविर दिव्यांग विद्यार्थियों के जीवन में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करने वाला साबित हुआ।
Author: MP Headlines

