सैलाना बना उज्जैन मंडल की 55वीं शाखा का साक्षी
सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर के लिए गौरव का क्षण उस समय आया जब देश के प्रतिष्ठित बैंक पंजाब नैशनल बैंक की नई शाखा का शुभारंभ बुधवार को हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि मंडल प्रमुख युवराज सिंह राठौड़ ने विधिवत फीता काटकर शाखा का उद्घाटन किया।
अपने संबोधन में मंडल प्रमुख राठौड़ ने बताया कि सैलाना शाखा उज्जैन मंडल की 55वीं शाखा है। उन्होंने कहा कि बैंक की स्थापना वर्ष 1895 में लाहौर से हुई थी और यह देश का प्रथम स्वदेशी बैंक होने का गौरव रखता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई शाखा क्षेत्र के व्यापार, कृषि एवं आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उप मंडल प्रमुख विशाल यादव ने कहा कि बैंक अपने उपभोक्ताओं को बेहतर और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मंडी व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष इन्द्रेश चण्डालिया ने बैंक और व्यापार जगत के आपसी सहयोग को विकास की रीढ़ बताते हुए कहा कि दोनों के समन्वय से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
शाखा प्रबंधक शालिनी शाह ने स्वागत भाषण देते हुए नागरिकों को आश्वस्त किया कि बैंक हर वर्ग के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा, “नागरिक बेहिचक बैंक में अपना लेन-देन करें, यह शाखा आप सभी की सुविधा के लिए ही खोली गई है।”
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रबंधक हिमांशु मेशराम, एडवोकेट बी.एस. जोशी, संजय लोनकर, विजय भूरिया, आर.एस. जोशी, कमलेश कुमावत, किराना व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष संजय मांडोत, लोकेन्द्र पाटीदार, दिलीप छाजेड, नवदीप मेहता, भरत जैन, अंशित मांडोत, निर्मल पाटीदार, जगन्नाथ पाटीदार, पियूष जैन, अब्दुल हमीद कादरी सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रमेश चंद्र जाट ने किया तथा अंत में आभार प्रदर्शन उप प्रबंधक राहुल टांक ने किया।
Author: MP Headlines

















