सैलाना। सोमवार को सैलाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरड़ा में लंबे समय से चली आ रही मूलभूत समस्याओं को लेकर अब ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। बंद पड़े हेडपंप टंकी, घर-घर नल जल योजना की निष्क्रिय पाइपलाइन और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशान ग्रामीणों ने सामाजिक कार्यकर्ता सीताराम भाभर के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय सैलाना पहुंचकर एसडीएम तरुण जैन को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में जल आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब है, जिससे आमजन को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। एसडीएम जैन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने और जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
हालांकि, ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो बरड़ा पंचायत के सभी गांवों के लोग एकजुट होकर कलेक्टर कार्यालय रतलाम में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
ज्ञापन के दौरान रामसिंह मॉल, रकमा भाभर, तेजू खराड़ी, राम बापू भाभर, प्रेम भाभर, रामसिंह भाभर, रमेश चरपोटा, खीमा गणावा, कमलेश भाभर, समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines

