रतलाम। उपसचिव मध्य प्रदेश शासन महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भोपाल के आदेश अनुसार जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास विभाग रतलाम द्वारा जिले में बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया है।
कलेक्टर कार्यालय (महिला एवं बाल विकास विभाग) द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिये सुबह 8:00 बजे से 11:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। जारी आदेश में बताया गया है कि यह निर्णय बच्चों को भीषण गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है। पूर्व में केंद्रों का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक निर्धारित था, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए इसमें संशोधन किया गया है।

बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बच्चों को होने वाली परेशानी से बचाने के लिए समय को सुबह के अनुकूल घंटों में शिफ्ट किया गया है।

कर्मचारियों के लिए भी निर्देश जारी
आदेश में यह भी निर्देश दिए गए हैं कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका केंद्र का संचालन सुबह 8 बजे से 11:30 बजे तक करेंगी। इसके बाद वे रिकॉर्ड संधारण एवं अन्य आवश्यक कार्य पूर्ण करेंगी।
तुरंत प्रभाव से लागू
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को इसके पालन के निर्देश दिए गए हैं।
Author: MP Headlines


















