रामनवमी पर आस्था का जयघोष, सूर्यवंशी कसेरा समाज का भव्य चल समारोह निकला

सैलाना। रामनवमी के पावन पर्व पर सैलाना नगर धर्ममय रंग में रंगा नजर आया, जब सूर्यवंशी कसेरा समाज बड़ी शाखा द्वारा भव्य एवं आकर्षक चल समारोह निकाला गया। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से ओतप्रोत इस शोभायात्रा ने पूरे नगर का माहौल राममय बना दिया।

चल समारोह में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष, युवा और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। “जय श्री राम” के गगनभेदी जयघोषों के बीच यह भव्य जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ निकला, जहां जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।

इस अवसर पर नगर के पैलेस चौराहा पर समाज के पदाधिकारियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, पार्षद विशाल धभाई, कुलदीप कुमावत एवं मित्र मंडल द्वारा समाज अध्यक्ष राजमल कसेरा का साफा बांधकर आत्मीय स्वागत किया गया। वहीं उपाध्यक्ष कमलेश कसेरा, राकेश कसेरा, सचिव संजय कसेरा एवं कोषाध्यक्ष राजेश कसेरा को शाल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ललित कसेरा, विनोद कसेरा, विनायक पांचाल, सुरेश पांचाल, व्यापारी सुरेंद्र मेहता सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह भव्य आयोजन न केवल समाज की एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सैलाना नगर में सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश भी दे गया।

MP Headlines
Author: MP Headlines