सहकारी समिति में विवाद के बाद बवाल, शासकीय ठेकेदार के साथ मारपीट के आरोप में मामला दर्ज

सैलाना। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति संस्था में शनिवार दोपहर लोन राशि की पूछताछ को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद मारपीट और फिर हंगामे में बदल गया। घटना के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने करीब पौन घंटे तक चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस की समझाइश के बाद जाम खत्म हुआ और मामला थाने पहुंचा। जहां ठेकेदार की रिपोर्ट पर सहायक प्रबंधक सहित उनके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।

दरअसल, खरीफ फसलों के दौरान लिए गया ऋण जमा करने की आखिरी तारीख 28 मार्च को होने से समिति कार्यालय में भीड़ थी। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौड़ के मित्र एवं शासकीय ठेकेदार विशाल राठौड़ पिता के खाते का हिसाब पूछने पहुंचे। जल्दी काम करने की बात को लेकर उनका सहायक प्रबंधक निर्मल रावरिया से विवाद हो गया और हाथापाई हो गई। कुछ देर में मंडल अध्यक्ष भी समर्थकों के साथ यहां आए और शिवगढ़-केदारेश्वर मार्ग पर बाइक खड़ी कर चक्का जाम कर दिया।

पौन घंटे चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया और सभी को थाने ले गए। यहां पर भी भाजपाइयों ने प्रबंधक प्रेमसिंह रावत को आड़े हाथों लेते हुए जमकर खरी-खोटी सुनाई। सहायक प्रबंधक एवं उनके रिश्तेदारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज होने के बाद मामला शांत हुआ।

विशाल राठौड़ ने आरोप लगाया कि सहायक प्रबंधक रावरिया से पिता के खाते की राशि पूछने गया था। इस बीच रावरिया और उनके रिश्तेदार जयेश, अश्विन, अंकित रावरिया ने मेरे साथ  मारपीट की।

सहकारी समिति के प्रबंधक प्रेमसिंह रावत का कहना है कि रावरिया ने भीड़ ज्यादा होने के कारण थोड़ी देर इंतजार करने को कहा मगर विशाल ने गाली-गलौज करते हुए रावरिया की कॉलर पकड़ ली, उनके साथ मारपीट की। शासकीय कार्य में बाधा डाली। रावत ने बताया कि पूर्व में भी विशाल कर्मचारी को धमकाने का काम कर चुका है।

मारपीट का केस दर्ज
सैलाना थाना टीआई पिंकी आकाश के अनुसार सहायक प्रबंधक निर्मल रावरिया सहित तीन रिश्तेदारों के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज किया गया है। साथ ही प्रबंधक की शिकायत पर विशाल राठौड़ के खिलाफ भी मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोपों की जांच की जा रही है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp