सैलाना। रतलाम जिले में फसल उपार्जन व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। जिला कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देश पर सैलाना एसडीएम तरुण जैन ने क्षेत्र के उपार्जन केंद्र का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गेहूं, चना, मसूर और सरसों की खरीदी को लेकर की गई तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर लगे तौल कांटे, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य व्यवस्थाओं की जांच करते हुए उनकी कार्यक्षमता सुनिश्चित की।
एसडीएम तरुण जैन ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार उपार्जन कार्य पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और सुचारू रूप से संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और खरीदी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।
प्रशासन की इस सक्रियता से साफ संकेत मिल रहा है कि इस बार उपार्जन प्रक्रिया को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को बेहतर सुविधा और निष्पक्ष खरीदी सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
Author: MP Headlines












