सैलाना। पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत के निवास पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान गेहलोत ने उपस्थित कांग्रेसीजनों को भारतीय संविधान की शपथ दिलाई।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारतीय समाज को समानता, न्याय और अधिकारों की मजबूत नींव प्रदान की। उन्होंने संविधान में अनुच्छेद 17 के तहत छुआछूत जैसी कुरीति को समाप्त कर सामाजिक समरसता की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया। साथ ही उन्होंने दलितों, पिछड़ों और महिलाओं को मौलिक अधिकार देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल करने का मार्ग प्रशस्त किया।
गेहलोत ने कहा कि आज के समय में संविधान के मूल्यों को समझना और उनका पालन करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज में भाईचारा, समानता और न्याय की भावना को मजबूत करें।
इस कार्यक्रम में वरिष्ठ श्रृंखला में पूर्व सरपंच कालू निनामा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, सरवन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष छगन भगोरा, पूनमचंद निनामा, वागजी खराड़ी, शांतिलाल मईडा, केशर सिंह कोठार,अजय परिहार, ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष किशोर पाटीदार, पार्षद मंगलेश कसेरा, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला,हेमंत कुमावत, दिलीप डामोर, सुशील मांडोत, महेश सांवरिया, देवेंद्र सोलंकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines


















