सैलाना के युवा किसान का कमाल: ग्राफ्टिंग तकनीक से टमाटर की बंपर पैदावार, बना प्रेरणा का केंद्र

सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर के प्रगतिशील युवा किसान बाबूलाल शुक्ला ने पारंपरिक खेती से आगे बढ़ते हुए आधुनिक तकनीक अपनाकर एक नई मिसाल कायम की है। कबाड़े के पारंपरिक व्यवसाय के साथ खेती करने वाले शुक्ला ने खेती को लाभकारी बनाने के उद्देश्य से नए प्रयोगों की राह चुनी और छत्तीसगढ़ से लाए गए बैंगन के पौधों पर ग्राफ्टिंग किए हुए टमाटर के पौधों को अपने खेत में रोपित किया।

इस अनोखे प्रयोग में उनके साथ कृषि विशेषज्ञ प्रदुम्य व्यास का अहम सहयोग रहा। व्यास समय-समय पर उन्हें नई कृषि तकनीकों की जानकारी देने के साथ ही कीट एवं रोग नियंत्रण और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के उपायों में मार्गदर्शन देते रहे हैं। उनका कहना है कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ग्राफ्टिंग पद्धति को लेकर प्रसन्नता जताई थी और इसे किसानों के लिए प्रेरणादायक बताया था।

बाबूलाल शुक्ला रतलाम जिले के ऐसे पहले किसान बनकर उभरे हैं जिन्होंने इस आधुनिक तकनीक को अपनाने का साहस दिखाया। वर्तमान में उनके खेत में ग्राफ्टिंग से तैयार टमाटर की फसल शानदार उत्पादन दे रही है, जिससे अन्य किसानों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है।

सूत्रों के अनुसार, जल्द ही जिला कलेक्टर मिशा सिंह एवं एसडीएम तरुण जैन द्वारा इस फसल का निरीक्षण कर युवा किसान को प्रोत्साहित करने की संभावना है। यह पहल न केवल सैलाना, बल्कि पूरे जिले के किसानों के लिए नई दिशा और प्रेरणा का संदेश दे रही है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp