रतलाम (मध्यप्रदेश)। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में जिलेभर में सड़क एवं जन-सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत खुले एवं सड़क किनारे स्थित कुओं पर रेडियम स्टिकर लगाए जा रहे हैं, ताकि रात्रि के समय उनकी दृश्यता बढ़ाई जा सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे कुओं को चिन्हित किया गया है, जो सड़क के पास होने के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ाते हैं। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में इन कुओं पर रेडियम स्टिकर चिपकाए जा रहे हैं, जिससे दूर से ही उनकी पहचान संभव हो सके।
अधिकारियों के अनुसार, कई बार अंधेरे में वाहन चालकों या राहगीरों को कुएं दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाएं हो जाती हैं। इस पहल से खासतौर पर रात्रि के समय सुरक्षा में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।

प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें, रात के समय सतर्कता बरतें और अपने आसपास के खुले कुओं या खतरनाक स्थानों की सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। यह अभियान जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे आमजन को राहत मिलने के साथ ही दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना है।
Author: MP Headlines












