भीषण गर्मी की मार: स्कूलों में अवकाश की मांग तेज, पूर्व विधायक ने कलेक्टर को लिखा पत्र

सैलाना। रतलाम जिले व सैलाना क्षेत्र में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी अब जनचिंता का विषय बनती जा रही है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के साथ ही स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडराने लगा है। ऐसे हालात में विद्यालयों में अवकाश घोषित करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं सैलाना के पूर्व विधायक हर्षविजय गेहलोत ने इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए कलेक्टर मिशा सिंह को पत्र लिखकर त्वरित निर्णय लेने की अपील की है।

उन्होंने पत्र में स्पष्ट कहा है कि चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों के बीच छोटे-छोटे  बच्चों का स्कूल जाना किसी जोखिम से कम नहीं है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि भीषण गर्मी के कारण न केवल बच्चों को स्कूल तक आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि उनके स्वास्थ्य पर भी विपरीत असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। लू, डिहाइड्रेशन और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा लगातार गहराता जा रहा है।

पूर्व विधायक ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द विद्यालयों में अवकाश घोषित किया जाए, ताकि इस भीषण गर्मी से बच्चों को राहत मिल सके। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस संवेदनशील मुद्दे पर कब तक निर्णय लेता है, लेकिन अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों की बढ़ती चिंता साफ संकेत दे रही है कि हालात गंभीर हैं।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp