सैलाना। कृषि उपज मंडी समिति सैलाना द्वारा मंडी परिसर में कृषि उपज विक्रय हेतु आने वाले किसानों के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। जारी सूचना के अनुसार अब मंडी में प्रवेश पर्ची बनवाने के लिए मोबाइल नंबर के साथ आधार नंबर देना अनिवार्य कर दिया गया है।
मंडी प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने आधार कार्ड की फोटो मोबाइल में सुरक्षित रखें या फिर आधार कार्ड की फोटो कॉपी साथ लेकर आएं, ताकि प्रवेश पर्ची बनवाते समय संबंधित कर्मचारी को प्रस्तुत किया जा सके।

इसके साथ ही सैलाना मंडी में ई-मंडी प्रणाली लागू होने के बाद किसानों को डिजिटल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। किसान अपने मोबाइल में ई-मंडी ऐप प्ले स्टोर से निःशुल्क डाउनलोड कर स्वयं ही अपने कृषि उपज से भरे वाहनों की प्रवेश पर्ची जारी कर सकते हैं।
मंडी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसान मोबाइल नंबर के साथ आधार कार्ड की जानकारी उपलब्ध नहीं कराते हैं, तो प्रवेश पर्ची जारी नहीं की जाएगी, जिसके कारण उनकी उपज की नीलामी भी संभव नहीं हो सकेगी। किसानों से नई व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई है।
Author: MP Headlines












