हाईकोर्ट में याचिका लगाना पड़ी भारी: पार्टी विरोधी गतिविधियों पर सैलाना के तीन नेता 6 साल के लिए निष्कासित

सैलाना। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाते हुए पूर्व पार्षद जितेंद्र सिंह राठौर, वार्ड क्रमांक 2 की वर्तमान पार्षद सलोनी माण्डोत एवं उनके पति प्रशांत माण्डोत को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है।

जारी आदेश के अनुसार, तीनों नेताओं पर लगातार पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने और संगठनात्मक अनुशासन का उल्लंघन करने के आरोप थे। पार्टी के नियमों और सिद्धांतों के विपरीत कार्य करना, संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाना तथा वरिष्ठ नेतृत्व के निर्देशों की अवहेलना करना गंभीर अनुशासनहीनता माना गया।

बताया गया कि तीनों नेताओं ने वर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला के खिलाफ वित्तीय अधिकारों पर रोक लगाने के लिए हाईकोर्ट में रिट पिटिशन दायर की थी, जिसे पार्टी ने अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना।

जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा तीनों को पूर्व में तीन दिवस के भीतर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई। समिति ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय संगठन के हित और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp