ग्राम बोदीना में सुजल ने की निर्मल पाटीदार के घर चोरी
सैलाना। शादी समारोह के दौरान सूने घर में हुई चोरी के मामले में थाना सैलाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब ₹5 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं ₹21 हजार नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी सैलाना सुश्री नीलम बघेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

घटना का विवरण:
फरियादी निर्मल पाटीदार, निवासी ग्राम बोदिना ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अप्रैल 2026 को परिवार विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रात करीब 10 बजे लौटने पर घर का दरवाजा टूटा मिला और अलमारी से चांदी के आभूषण व नकदी चोरी हो चुकी थी। साथ ही एक रिश्तेदार के बैग से सोने का हार व नगदी भी गायब पाई गई।
पुलिस कार्रवाई:
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम पंचेवा निवासी सुजल पिता मुकेश पाटीदार (उम्र 20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पवन चक्की क्षेत्र के एक टीन शेड से चोरी गया सोने का हार व चांदी के आभूषण बरामद किए गए। वहीं नकदी आरोपी ने अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में छिपा रखी थी, जिसे भी जब्त किया गया।
बरामद सामग्री:
सोने का हार (लगभग 2.5 तोला)
चांदी का कन्दोरा (84 ग्राम)
दो जोड़ी चांदी की पायजेब
₹21,000 नकद
वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
सराहनीय योगदान:
इस कार्रवाई में निरीक्षक पिंकी आकाश, उपनिरीक्षक आनंद बागवान, एएसआई शंकरसिंह शक्तावत, आरक्षक फकीरचंद सोलंकी एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Author: MP Headlines












