कमलेश्वर डोडियार की जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब, मौके पर ही समस्याओं के समाधान के निर्देश

सैलाना। क्षेत्रीय विधायक कमलेश्वर डोडियार ने सोमवार को बाजना क्षेत्र के ठिकरिया और करबलखोरा में जनसुनवाई कर एक बार फिर जनता से सीधे संवाद की मजबूत मिसाल पेश की। इस दौरान आसपास के 10- 20 गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधायक सुबह 8 बजे ठिकरिया पहुंचे, जहां हाई स्कूल के पास ग्रामीणों से चर्चा की गई। इसके बाद दोपहर 12 बजे करबलखोरा में उपसरपंच मोतीलाल के निवास के समीप चौपाल लगाकर जनसुनवाई की गई। खास बात यह रही कि यह जनसुनवाई विधायक की व्यक्तिगत पहल पर आयोजित की गई थी, जिसमें उन्होंने बिना किसी प्रशासनिक दबाव के सीधे आमजन की समस्याएं सुनीं।

जनसुनवाई के दौरान पेंशन, किसान सम्मान निधि, आवास योजना, पेयजल संकट, खराब सड़कें, बिजली आपूर्ति, नालियों की समस्या, वन अधिकार पट्टे और जमीन सीमांकन जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए। विधायक डोडियार ने छोटी और तात्कालिक समस्याओं पर तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को फोन पर निर्देश दिए और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

वहीं, ग्रामीणों द्वारा रखी गई बड़ी मांगों—जैसे तालाब (बांध) निर्माण, आंगनवाड़ी भवन, स्कूल भवन और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार—पर विधायक ने भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को विधानसभा में मजबूती से उठाया जाएगा और शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

इस दौरान विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसी जनसुनवाई का उद्देश्य जनता से सीधा जुड़ाव और बिना किसी औपचारिकता के समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने भविष्य में भी नियमित रूप से इस तरह के कार्यक्रम लगातार गावों आयोजित करने की बात कही। कार्यक्रम में भारत आदिवासी पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश खराड़ी, बाजना ब्लॉक अध्यक्ष प्रभु चारेल, उपाध्यक्ष रामा दामा, संगठन मंत्री बालचंद मईडा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। विधायक डोडियार की इस सक्रिय पहल से क्षेत्रीय जनता में उम्मीद जगी है कि अब उनकी समस्याओं का समाधान और भी तेजी और पारदर्शिता के साथ होगा।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp