बांसवाड़ा। बांसवाड़ा जिले के घाटोल क्षेत्र में 14 अप्रैल को अनिल निनामा की हत्या के बाद आदिवासी समाज में भारी आक्रोश है। परिजन इसे साजिश बता रहे हैं, जबकि पुलिस प्रेम प्रसंग का मामला मान रही है। इसी विरोधाभास के चलते 11 दिनों से जिला मुख्यालय पर आंदोलन जारी है, जहां आरोपियों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग की जा रही है।

आंदोलन के दौरान सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार भी पहुंचे और पुलिस से तीखी बहस हो गई। टीआई द्वारा “बच्चा” कहे जाने पर विधायक ने नाराजगी जताई और कड़ा जवाब दिया।

डोडियार ने पीड़ित परिवार को 1 लाख रुपये की सहायता दी और बड़े वकीलों की नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहल शुरू की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और उग्र होगा। यह मामला अब केवल हत्या नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की अस्मिता और न्याय की लड़ाई बन चुका है।
Author: MP Headlines












