सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना में गुरुवार देर शाम सैलाना के बायपास रोड स्थित टंकी चौराहे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक भीषण सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैलाना के सीतलामाता गली निवासी 55 वर्षीय वर्धमान राठौड़ उर्फ *वर्दू काका* अपने 13 वर्षीय पुत्र *मनन* के साथ बाइक से गुजर रहे थे। इसी दौरान सरवन-दानपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त हो गया। आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत सैलाना के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत नाजुक होने के चलते ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. शैलेष डांगे ने दोनों को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि फरार कार चालक की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर वाहन को जब्त किया जाएगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है और उन्होंने बायपास मार्ग पर बढ़ती तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Author: MP Headlines












