सैलाना/रतलाम। मंगलवार को रतलाम जिला कांग्रेस कार्यालय में 7 मई को प्रस्तावित “चक्का जाम आंदोलन” को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गहलोत एवं शहर जिला अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के साथ किसानों की सहभागिता को लेकर विस्तृत चर्चा की।

किसानों के हक, सम्मान और न्याय की मांग को लेकर 7 मई 2026, गुरुवार को मुंबई–आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-3) पर शाजापुर में प्रातः 11:00 बजे से “चक्का जाम आंदोलन” आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में किसानों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गहलोत ने समस्त किसान बंधुओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आंदोलन को सफल बनाएं और किसानों की आवाज़ को मजबूती दें।
आंदोलन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में किसानों के साथ हो रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है। आयोजकों के अनुसार गेहूं खरीदी में अव्यवस्था, स्लॉट बुकिंग में गड़बड़ी, भुगतान में देरी और सरकारी उदासीनता जैसी समस्याओं से किसान लगातार परेशान हैं।

आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल विरोध नहीं, बल्कि किसानों के अधिकारों की लड़ाई है। इसके माध्यम से सरकार का ध्यान किसानों की समस्याओं और पीड़ा की ओर आकर्षित किया जाएगा, ताकि समय रहते उचित निर्णय लिए जा सकें।
आयोजकों ने सभी किसान बंधुओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर इस आंदोलन में शामिल होने और किसानों के सम्मान व अधिकारों की इस लड़ाई को मजबूत करने का आह्वान किया है।
Author: MP Headlines












