सैलाना। सैलाना नगर के कुमावत मोहल्ला स्थित क्षेत्र में गुरुवार अलसुबह को राष्ट्रीय पक्षी मोर की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना स्थानीय नागरिकों द्वारा तत्काल वन विभाग को दी गई, जिस पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत मोर को अपने कब्जे में लेकर विधिवत अंतिम संस्कार हेतु ले गई। वन विभाग द्वारा राष्ट्रीय पक्षी की नियम अनुसार अंत्येष्टि की गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार गर्मी बढ़ने के साथ ही जंगलों में पानी और दाने की कमी होने पर मोर सहित अन्य पक्षी शहर की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे में खुले बिजली तार और असुरक्षित विद्युत व्यवस्थाएं इनके लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। चिंताजनक बात यह है कि कुमावत मोहल्ला एवं दिलीप मार्ग क्षेत्र में प्रतिवर्ष एक-दो मोरों की करंट लगने से मौत होने की घटनाएं सामने आती रही हैं।

राष्ट्रीय पक्षी की लगातार हो रही मौतों ने वन्यजीव संरक्षण और विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में बिजली लाइनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
Author: MP Headlines












