रतलाम। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत रतलाम जिले के 47 श्रद्धालुओं का दल सोमनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, सोमनाथ मंदिर पर वर्ष 1026 में हुए पहले हमले के 1000 वर्ष तथा वर्ष 1951 में हुए पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा राष्ट्रीय स्मरणोत्सव है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह आयोजन भारत की अटूट आस्था, सांस्कृतिक एकता और विरासत के पुनरुद्धार का प्रतीक बन गया है। सोमनाथ मंदिर को बार-बार नष्ट करने के प्रयास हुए, लेकिन आज भी वह भारत की आस्था का अडिग केंद्र बना हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से प्रदेश के श्रद्धालुओं को इस ऐतिहासिक अवसर का लाभ मिल रहा है। उन्होंने सभी यात्रियों से दर्शन लाभ लेने के साथ-साथ वहां के विभिन्न सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करने का आग्रह किया।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री वैशाली जैन ने कहा कि कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में यात्रा की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वास्थ्य का ध्यान रखने, समूह के साथ रहने तथा पूर्ण श्रद्धा भाव से यात्रा करने की अपील की।

परियोजना अधिकारी डूडा श्री अरुण पाठक ने बताया कि यात्रा पूरी तरह वातानुकूलित व्यवस्था के साथ संचालित की जा रही है। रतलाम से उज्जैन तक यात्रियों को वातानुकूलित बसों से भेजा गया, जबकि उज्जैन से सोमनाथ तक की यात्रा वातानुकूलित ट्रेन से होगी। यात्रियों के ठहरने, भोजन, नाश्ते एवं भ्रमण की संपूर्ण व्यवस्था शासन द्वारा की गई है। यात्रा के समन्वय के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों को भी यात्रियों के साथ भेजा गया है।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का पुष्पहार से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन आशीष दशोत्तर ने किया। अतिथियों ने यात्री बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के परिजन सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines












