विधायक विशेषाधिकार के तहत नामांतरण मामलों की जानकारी नहीं देने पर विधायक  डोडियार का बड़ा आंदोलन

14 मई से नगर परिषद में अनिश्चितकालीन धरना…

रतलाम /सैलाना। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने नगर परिषद सैलाना के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बड़ा आंदोलन घोषित कर दिया है। जनहित से जुड़े नामांतरण प्रकरणों की जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराने को लेकर विधायक ने नगर परिषद प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक डोडियार ने इसे जनप्रतिनिधि के संवैधानिक “विशेषाधिकार” का हनन बताते हुए 14 मई 2026 से नगर परिषद सैलाना में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।

दरअसल विधायक कमलेश्वर डोडियार ने 28 अप्रैल 2026 को पत्र क्रमांक 244/VIP/2026 के माध्यम से मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर परिषद सैलाना से नामांतरण प्रकरणों की विस्तृत जानकारी मांगी थी। विधायक ने पत्र में उल्लेख किया था कि सैलाना विधानसभा क्षेत्र के नागरिक लगातार शिकायत कर रहे हैं कि नामांतरण मामलों में अनावश्यक देरी की जा रही है। जनहित एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधायक ने नगर परिषद से पूछा था कि 26 मार्च 2026 तक कुल कितने नामांतरण प्रकरण प्राप्त हुए, उनमें से कितने स्वीकृत और कितने अस्वीकृत किए गए।

इसके साथ ही विधायक ने स्वीकृत एवं अस्वीकृत प्रकरणों की अलग-अलग सूची, आवेदकों के नाम, संपत्ति का विवरण, खसरा नंबर, वार्ड नंबर, स्वीकृति दिनांक और बैठक की तारीख सहित पूरी जानकारी मांगी थी। उन्होंने यह भी पूछा था कि जिन नामांतरण प्रकरणों को स्वीकृत किया गया है, वे सभी नगरीय सीमा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं या नहीं।

विधायक का आरोप है कि इतने महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे पर नगर परिषद द्वारा निर्धारित समय सीमा में जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों के अधिकारों की अनदेखी है। इसी को लेकर विधायक ने अब खुला संघर्ष शुरू करने का निर्णय लिया है।

धरने की सूचना एसडीएम सैलाना एवं थाना प्रभारी सैलाना को भी भेजी गई है। विधायक ने धरने के दौरान आवश्यक सुरक्षा और व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp