सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर के देवरी चौक स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में सकल पंच पाटीदार समाज एवं शीतला माता भक्त मंडल द्वारा आयोजित पंच दिवसीय एक कुंडात्मक शतचंडी महायज्ञ का सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य समापन हुआ। प्रतिवर्ष स्मृति वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

समापन अवसर पर प्रातःकाल शीतला माता मंदिर से विशाल कलश यात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों और जयकारों के साथ शामिल हुईं। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शीतला माता यज्ञ पंडाल पहुंची, जहां वैदिक विधि-विधान के साथ महायज्ञ की पूर्णाहुति दी गई। यज्ञाचार्य पंडित शर्मा के सान्निध्य में पांच दिवसीय एक कुण्डात्मक महायज्ञ की पूर्णाहुति, महाआरती एवं पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

पूरे वातावरण में मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और भक्तिमय जयघोष गूंजते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र धर्ममय हो उठा। यह शाम को विशाल नगर भोज एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ लिया। आयोजन के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली। समिति सदस्यों एवं समाजजनों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। इस धार्मिक आयोजन में नगर की धार्मिक प्रेमी जनता ने धर्म लाभ प्राप्त किया।
Author: MP Headlines












