भगवान श्री देवनारायण मंदिर जीर्णोद्धार एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 14 मई को, सैलाना में निकलेगी भव्य शोभायात्रा

सैलाना। नगर के जूनावास स्थित गुर्जर समाज के आराध्य देव भगवान श्री देवनारायण जी मंदिर के जीर्णोद्धार एवं नवीन प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा को लेकर 14 मई, गुरुवार को भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पूरे नगर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण रहेगा।

गुर्जर समाज द्वारा आयोजित इस विशेष समारोह में भगवान श्री देवनारायण जी की नवीन प्रतिमा की विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य चल समारोह एवं शोभायात्रा से होगी, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर निकलेगी। शोभायात्रा में समाजजन पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-ढमाकों और धार्मिक जयघोषों के साथ शामिल होंगे।

मंदिर परिसर में हवन-पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न होंगे। प्राण प्रतिष्ठा का शुभ कार्य राजस्थान के प्रसिद्ध गुर्जर तीर्थ आसींद से पधारे पंडा जी के सान्निध्य में सम्पन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम के पश्चात संपूर्ण सैलाना नगर के सर्व समाजजनों एवं आसपास के अंचल से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक भोजन प्रसादी (भंडारा) का आयोजन भी रखा गया है। गुर्जर समाज ने नगर एवं क्षेत्र के सभी समाजजनों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शोभायात्रा, धार्मिक अनुष्ठान एवं प्रसादी ग्रहण कर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp