सैलाना / रतलाम। भीषण गर्मी के चलते सैलाना क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में पेयजल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी जुटाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर वाग्धारा संस्था के सहयोग से गठित कृषि एवं आदिवासी स्वराज संगठन, कांगसी (सैलाना) द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत सैलाना रिया गिरा को आग्रह पत्र देकर समाधान की मांग की गई।
संगठन द्वारा किए गए सर्वे के अनुसार क्षेत्र के कई गांवों में बड़ी संख्या में हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं, जिसके कारण ग्रामीणों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। कई स्थानों पर पेयजल की उपलब्धता अत्यंत सीमित हो गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि सभी खराब हैंडपंपों की मरम्मत करवाई जाए तथा जिन ग्राम पंचायतों में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, वहां नियमित रूप से टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी एवं प्रभावी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने की भी अपील की गई है।
संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि वे लंबे समय से शासन-प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर कार्य कर रहे हैं। जल संकट जैसी गंभीर समस्या के समाधान के लिए भी संगठन प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है।
संगठन ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को राहत मिल सके। इस दौरान संगठन प्रतिनिधि देशवीर, मांगीलाल भाभर, पूंजालाल, मुकेश भाभर, पेमा जी, जालु सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines