वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान देवनारायण की प्राण प्रतिष्ठा, छप्पन भोग व विशाल भंडारे में उमड़ा जनसैलाब

सैलाना। गुर्जर समाज के आराध्य देव भगवान श्री देवनारायण जी की गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ भव्य प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न हुई। पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण के बीच निकली भव्य शोभायात्रा श्रद्धा और आस्था का केंद्र बनी रही।

समारोह के तहत भगवान देवनारायण जी की आकर्षक शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजजन एवं नगरवासी शामिल हुए। शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। भक्तों ने जयकारों के साथ भगवान देवनारायण जी की आराधना कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

नगर भ्रमण के पश्चात शोभायात्रा जूनावास स्थित नव-निर्मित मंदिर पहुंची, जहां राजस्थान के प्रसिद्ध गुर्जर तीर्थ आसींद से पधारे पंडाजी के सान्निध्य में हवन-पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान देवनारायण जी की प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न करवाई गई।

इस दौरान विधायक कमलेश्वर डोडीयार, पूर्व विधायक हर्षविजय गेहलोत एवं संगीता चारेल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
महाआरती के पश्चात भगवान देवनारायण जी को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग अर्पित किया गया। वहीं गुर्जर समाज द्वारा आयोजित विशाल भंडारे में नगर सहित आसपास के अंचल से पहुंचे सर्व समाज के लोगों ने सामूहिक भोजन प्रसादी ग्रहण की। आयोजन में समाजजनों का उत्साह और श्रद्धा देखते ही बन रही थी।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp