बाजना/सैलाना। सैलाना विधानसभा क्षेत्र के बाजना ब्लॉक में कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। कुंडल ग्राम पंचायत के सरपंच लालचंद चारेल ने कांग्रेस पार्टी छोड़कर भारत आदिवासी पार्टी (BAP) की सदस्यता ग्रहण कर ली। सैलाना स्थित विधायक कार्यालय में विधायक कमलेश्वर डोडियार की मौजूदगी में उन्हें पार्टी का पीला गमछा पहनाकर औपचारिक रूप से BAP में शामिल किया गया।

ग्रामीण क्षेत्र में सरपंच चारेल की मजबूत पकड़ को देखते हुए इस घटनाक्रम को क्षेत्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बाजना सहित आसपास के आदिवासी क्षेत्रों में BAP लगातार अपना जनाधार बढ़ाने में जुटी हुई है और चारेल का जुड़ना पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है।
सदस्यता लेने के बाद लालचंद चारेल ने कहा कि वे BAP की विचारधारा और लोकतांत्रिक कार्यशैली से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। वहीं विधायक डोडियार ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी आदिवासी समाज और ग्रामीण हितों की आवाज बनकर उभर रही है तथा उनके जुड़ने से संगठन को और मजबूती मिलेगी।
Author: MP Headlines












