नगर परिषद सैलाना के विशेष सम्मेलन में विकास कार्यों को मिली स्वीकृति, हनुमान सागर तालाब मामले की होगी उच्च स्तरीय जांच

सैलाना, 18 मई 2026। नगर परिषद सैलाना का विशेष सम्मेलन सोमवार को नगर परिषद सभाकक्ष में परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। बैठक की शुरुआत नव मनोनीत एल्डरमेन नाथूलाल राठौड़, सपना खराड़ी, वर्दीचंद पाटीदार एवं रवि कुमार शर्मा के पुष्पहार से स्वागत के साथ हुई।

सम्मेलन में नगर विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही 08 पेंशन प्रकरणों को मंजूरी दी गई। नामांतरण के 26 एवं दुकान नामांतरण के 03 प्रकरणों को सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया। बैठक में नगर परिषद द्वारा हनुमान सागर तालाब सौंदर्यीकरण निर्माण कार्य में हुई अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने संबंधी प्रस्ताव भी पारित किया गया।

इसके अतिरिक्त विभिन्न वार्डों में सी.सी. रोड निर्माण कार्य हेतु जारी ऑनलाइन निविदाओं में प्राप्त न्यूनतम दरों के आधार पर कार्यों को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। स्वीकृत प्रमुख कार्यों में वार्ड क्रमांक 01, 06, 07, 11, 12, 14 एवं 15 में विभिन्न गलियों एवं मार्गों पर सी.सी. रोड निर्माण कार्य शामिल हैं। वहीं वार्ड क्रमांक 10 स्थित कालिका माता मंदिर परिसर में पार्क निर्माण कार्य को भी मंजूरी दी गई।

परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने कहा कि नगर हित के इन विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ नियत समयावधि में पूर्ण कराया जाएगा। सम्मेलन में पार्षद मीरा राजेश पाटीदार, कुलदीप कुमावत, मुकेश पाटीदार, राधा बद्रीलाल पाटीदार, चंदा दिनेश पारगी, कृष्णा रामप्रसाद चंदेल, विशाल धबाई, हेमलता विशाल धबाई, मंगलेश कसेरा सहित नगर परिषद के कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोज शर्मा ने किया।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp