युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं”— NEET पेपर लीक के विरोध में रतलाम में कांग्रेस का विशाल मशाल जुलूस

रतलाम/सैलाना। देशभर में चर्चित NEET पेपर लीक मामले को लेकर रविवार को रतलाम में कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। युवाओं के सपनों और मेहनत के साथ हुए कथित खिलवाड़ के खिलाफ जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में विशाल मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार और भाजपा शासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।

मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा एवं पदाधिकारी शामिल हुए। हाथों में मशाल लेकर प्रदर्शनकारियों ने “युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करो” और “फर्जी डॉक्टर बनाना बंद करो” जैसे नारों के साथ विरोध दर्ज कराया तथा निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

सभा को संबोधित करते हुए जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत ने कहा कि NEET पेपर लीक घोटाले ने देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है। उन्होंने पूरे मामले की तत्काल CBI जांच कराने तथा नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की।

गेहलोत ने भाजपा शासन की घोर आलोचना करते हुए कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक देश की शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद नहीं किया गया, तो कांग्रेस का आंदोलन और अधिक उग्र रूप लेगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि NEET पेपर लीक सिर्फ एक परीक्षा घोटाला नहीं, बल्कि करोड़ों मेहनती छात्रों के सपनों पर हमला है। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वास बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने युवाओं में निराशा और आक्रोश पैदा किया है। कांग्रेस युवाओं की आवाज बनकर उनके हक की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp