18.98 लाख की मशीन खरीदी पर विवाद, अध्यक्ष ने कहा – भुगतान ही नहीं हुआ तो घोटाले का झूठा आरोप क्यों

पूरी परिषद की छवि खराब करने की कोशिश” -विधायक के झूठे आरोपों पर बोले अध्यक्ष शुक्ला

सैलाना। क्षेत्रीय विधायक कमलेश्वर डोडियार द्वारा सोमवार देर शाम सैलाना नगर परिषद पर डी स्लेजिंग मशीन मय ट्रैक्टर वाहन खरीदी मामले में लाखों के घोटाले के आरोप पर मंगलवार को दोपहर सैलाना नगर परिषद अध्यक्ष चेतन्य शुक्ला ने नगर परिषद कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता आयोजित कर पूरे मामले की जानकारी दी और विधायक के आरोपों को सच्चाई से परे बताया।

शुक्ला ने कहा कि विधायक को इस मामले में पूर्व में मांगे गए दस्तावेज का एक एक कागज उपलब्ध करा कर साफ कर दिया गया था कि इसमें नगर परिषद ने भुगतान नहीं किया है।विधायक का बयान पूर्णतः गलत और भ्रामक है। कहीं कोई घोटाले जैसी बात ही नहीं। पत्रकार वार्ता में उन्होंने ये सवाल भी किया कि बिना किसी मामले में सक्षम अधिकारी की जांच रिपोर्ट के उसे घोटाला कैसे कहा जाएगा। डोडियार बड़े और संवैधानिक पद पर हैं। ये आरोप केवल किसी एक अधिकारी या सिर्फ अध्यक्ष पर नहीं,बल्कि पूरी परिषद पर हैं।इससे हम सबकी भावना आहत हुई इसलिए जनता के समक्ष वस्तुस्थिति लाने के लिए प्रेस वार्ता बुलानी पड़ी।

ये हैं पूरा मामला

दरअसल 29 नवंबर 24 को नगर परिषद ने डी स्लेजिंग वाहन मय ट्रैक्टर खरीदने के लिए शासन को पत्र लिखा।26 दिसम्बर 24 को पीआईसी ने इस मामले में प्रशासकीय स्वीकृति दी।2 जून 25 को शासन से स्वीकृति प्राप्त हुई। अध्यक्ष शुक्ला ने ये जानकारी देते हुए बताया कि 6 जून को निकाय ने ऑनलाइन टेंडर लगाए। 8 टेंडर में से 6 अपात्र निकले। बचे 2 टेंडर में से हिन्द ट्रेडिंग कम्पनी इन्दौर का टेंडर 18 लाख 98 हजार का 3 नवम्बर 25 को को रेट सेक्शन कर कार्यादेश जारी किया।

कंपनी ने  6 नवम्बर 25 को निकाय को उक्त मशीन और ट्रैक्टर उपलब्ध करा दिए। शुक्ला ने बताया कि 6 फरवरी 26 को निकाय ने जावरा के पॉलिटेक्निक कॉलेज से 2 टेक्निकल स्पेशलिस्टों को बुलवा कर क्रय की गई मशीन और ट्रैक्टर के भौतिक सत्यापन कराया। 9मार्च को पॉलिटेक्निक कॉलेज से संतुष्टिपूर्वक रिपोर्ट प्राप्त हो गई। अभी हाल ही में 13 मई को शासन और निकाय के ज्वाइंट अकाउंट में शासन ने 17 लाख 10 हजार रुपए डाले। ये भुगतान वरिष्ठ कार्यालय ही कम्पनी को करेगा। भुगतान अभी करना शेष हैं।इसकी जानकारी विधायक को भी दे दी गई थी।

तो फिर घोटाला कैसे हो गया
अध्यक्ष शुक्ला ने बताया कि अभी किसी चीज का भुगतान ही नहीं हुआ।भुगतान करेंगे तो भी वरिष्ठ कार्यालय द्वारा भुगतान होगा।तो फिर इसमें घोटाला कैसे हो गया और किसने घोटाला कर दिया ये जरूर जांच जा विषय हैं।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp