सैलाना।देवास/भोपाल। 20 मई 2026। भोपाल में आयोजित धरना प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे, रतलाम जिले के सैलाना छेत्र के सहायक सचिवों से भरी एक तूफान वाहन बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार देवास के आसपास हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक चालक ने पीछे से तूफान वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि वाहन में सैलाना छेत्र के कुल 11 सहायक सचिव सवार थे। दुर्घटना में कांग्सी पंचायत के हुरजी मईड़ा एवं करिया पंचायत के लखन कमदोरिया की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं अन्य कई सहायक सचिव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल देवास चिकित्सालय अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। सहायक सचिव संगठन एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
Author: MP Headlines












